स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), हर घर तिरंगा अभियान (9 से 17 अगस्त) तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस (14 अगस्त) के गरिमामय एवं प्रभावी आयोजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से सुझाव प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना समयबद्ध ढंग से तैयार कर सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है, इसलिए सभी आयोजन पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न किए जाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि 9 से 17 अगस्त तक जनपद के सभी घरों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराया जाए। तिरंगा थीम पर आधारित सजावट, प्रकाश व्यवस्था एवं अलंकरण कराया जाए तथा व्यापक जनसहभागिता के साथ हर घर तिरंगा रैलियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" के गायन से किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर युवा पीढ़ी को देश के विभाजन की पीड़ा, उससे जुड़े संघर्ष और प्रभावित लोगों के साहस एवं बलिदान से अवगत कराया जाए। इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी में प्रभावित लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा तथा शहीद उद्यान से गांधी भवन तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि देश की रक्षा में शहीद हुए सैनिकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाए। साथ ही सभी आयोजनों में सामूहिक राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। नगर क्षेत्र एवं जनपद में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
