50 किमी लंबी ऐतिहासिक शिव शोभायात्रा से गूंजा ‘हर-हर महादेव’, बड़ा चौराहा अब कहलाएगा ‘महादेव चौक’

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️

उन्नाव। सावन के पवित्र महीने में जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सदर विधायक पंकज गुप्ता के संयोजन में आयोजित 50 किलोमीटर लंबी विशाल शिव शोभायात्रा ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष, शंखनाद एवं डमरुओं की गूंज से पूरा उन्नाव जिला शिवमय नजर आया।

यात्रा के समापन पर शहर के ऐतिहासिक ‘बड़ा चौराहा’ पर शिव प्रतिमा की पुनः प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसी दौरान चौराहे का नाम बदलकर ‘महादेव चौक’ किए जाने की घोषणा की गई।

पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ

शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधानसभा क्षेत्र के परियर स्थित ऐतिहासिक बाबा बलखंडेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और अनुष्ठान के साथ हुआ। विधायक पंकज गुप्ता ने संतों की मौजूदगी में पूजा कर शोभायात्रा को रवाना किया।

यात्रा में सबसे आगे युवाओं की विशाल बाइक टोली रही। इसके पीछे 20 से अधिक भव्य झांकियां, डीजे, डीसीएम रथ, 40 ट्रैक्टर और करीब 200 चार पहिया वाहनों का लंबा काफिला चलता रहा।

नागा साधु और अघोरी संत रहे आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में शामिल नागा साधुओं, अघोरी संतों और विद्वानों की टोलियों ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। संतों के दर्शन और आशीर्वाद के लिए यात्रा मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

परियर से शुक्लागंज और उन्नाव शहर तक गांव-गांव और गली-गली में शिवभक्तों के स्वागत के लिए मंच बनाए गए थे।

छतों से हुई पुष्पवर्षा, जगह-जगह लगे भंडारे

करीब 50 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया। शुक्लागंज और उन्नाव शहर के मुख्य मार्गों पर लोगों ने घरों की छतों से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की।

विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह भंडारे, फल एवं प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं की सेवा की गई।

बड़ा चौराहा बना ‘महादेव चौक’

परियर से शुरू हुई शोभायात्रा शाम को उन्नाव शहर के बड़ा चौराहा पहुंचकर समाप्त हुई। यहां पूर्व में स्थापित शिव प्रतिमा को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पुनः स्थापित किया गया।

इसी अवसर पर घोषणा की गई कि शहर का प्रसिद्ध ‘बड़ा चौराहा’ अब ‘महादेव चौक’ के नाम से जाना जाएगा।

विधायक पंकज गुप्ता एवं आयोजकों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए शहरवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, समरसता और जन-आस्था का भी उदाहरण है।

Previous Post Next Post