स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को लेकर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
13 अगस्त को तिरंगा यात्रा और कंसर्ट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त को सुबह 9:30 बजे राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से शहीद उद्यान तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक गांधी भवन प्रेक्षागृह में तिरंगा कंसर्ट के लिए ऑडिशन एवं रिहर्सल आयोजित होंगे।
14 अगस्त को सामूहिक प्रार्थना और राष्ट्रगान
14 अगस्त को सुबह 6 बजे जनपद के मंदिरों, गुरुद्वारों, मस्जिदों, मदरसों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर सामूहिक प्रार्थना का आयोजन होगा। शाम को विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, विभाजन विभीषिका दिवस और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 अगस्त को सुबह से देर शाम तक कार्यक्रमों की श्रृंखला
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों में तिरंगा यात्रा, पुलिस लाइन में शहीदों को सलामी तथा बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल हैं।
सुबह 8 बजे समस्त सरकारी भवनों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न शहीद स्मारकों पर पुष्पार्पण किया जाएगा।
सुबह 10:30 बजे पुलिस लाइन से परेड प्रारंभ होकर खिरनी बाग/रामलीला मैदान तक पहुंचेगी, जहां शहीदों को सलामी देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं जिला अस्पताल में मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरण तथा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में खेलकूद एवं अन्य कार्यक्रम, विभिन्न शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, जिला कारागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम, गांधी पुस्तकालय में ध्वजारोहण तथा विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहीदों की प्रतिमाओं पर होगा माल्यार्पण
कार्यक्रम के तहत शहीद अशफाक उल्ला खां, शहीद निजाम अली खां, शहीद ठाकुर रोशन सिंह, शहीद मौलवी अहमद उल्ला शाह, शहीद रमेश चंद्र सहित अन्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ पौधरोपण भी
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कारगिल शहीद स्मृति वाटिका, गांधी भवन प्रेक्षागृह, जिला कारागार, नेहरू कुष्ठ आश्रम एवं अन्य स्थानों पर पौधरोपण तथा फल वितरण का कार्यक्रम रखा गया है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, व्यवस्थित एवं जनभागीदारी वाला बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस प्रकार शाहजहांपुर में 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, तिरंगा यात्रा और पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा।