संपूर्ण समाधान दिवस में 73 शिकायतें, 3 का मौके पर निस्तारण; समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 01 अगस्त 2026। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील पुवायां में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी पुवायां एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की मौजूदगी में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को निर्धारित समयावधि में प्रभावी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी पूर्ण गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ शिकायतों का निस्तारण करें तथा आवश्यकतानुसार स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसा हो जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। विकास कार्यों से जुड़े विवादों में पुलिस एवं संबंधित विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान ही शासन-प्रशासन के प्रति आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा।

Previous Post Next Post