स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी चेहल्लुम पर्व एवं श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ने थाना सदर बाजार क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
चौकी अशफाक नगर में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक सदर बाजार एवं थाना सदर बाजार पुलिस मौजूद रही। बैठक के दौरान चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का अनुरोध किया गया।
बैठक के उपरांत क्षेत्राधिकारी नगर ने थाना सदर बाजार एवं थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ श्रावण मास कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख मंदिरों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
