स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर के तहसील कलान स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को 08वीं वाहिनी एनडीआरएफ द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEx) एवं फ्लड वाटर रेस्क्यू (FWR) मॉक अभ्यास का सफल आयोजन किया गया।
इस अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपातकालीन तैयारियों का परीक्षण करना था। अभ्यास में निरीक्षक/जीडी शिवकली धुर्वे के नेतृत्व में 08वीं वाहिनी एनडीआरएफ की 32 सदस्यीय टीम ने भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 12:30 बजे से 1:40 बजे तक टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने की। इसके बाद प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ और शाम 4:10 बजे फ्लड वाटर रेस्क्यू मॉक ड्रिल शुरू की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सूचना जारी कर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) को सक्रिय किया गया। एनडीआरएफ ने इंसिडेंट कमांड पोस्ट स्थापित कर बचाव अभियान चलाया। इंफ्लेटेबल रबर बोट (IRB) की सहायता से ग्राम धेलिया, रामगंगा घाट क्षेत्र में फंसे चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें तीन का वेट रेस्क्यू तथा एक का ड्राई रेस्क्यू तकनीक से सफल बचाव किया गया।
अभ्यास के समापन पर आयोजित डिब्रीफिंग सत्र में उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने सभी विभागों के साथ समन्वय, चुनौतियों और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मॉक अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र, स्थानीय गोताखोर एवं ग्रामीणों सहित 118 लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर तहसीलदार शुजीत निगम, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, ग्राम राजस्व अधिकारी विजय वाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
