वृत्तचित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को किया गया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक

 



स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान' के अंतर्गत स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृत्तचित्र प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता भटनागर ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रेरणादायक वृत्तचित्र दिखाकर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर कला संकायाध्यक्ष प्रो. आलोक मिश्रा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा, आशा और भविष्य का प्रतीक होते हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ जाएं तो उनका भविष्य ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति भी प्रभावित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रमोद यादव ने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। आज का युवा यदि अपनी ऊर्जा, समय और क्षमता का उपयोग ज्ञान, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा में करे तो वह स्वयं भी सफल होगा और देश को भी नई दिशा देगा।

कार्यक्रम में प्रो. पूनम, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, डॉ. बरखा सक्सेना, डॉ. विकास खुराना, डॉ. बलवीर शर्मा, डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉ. पूजा बाजपेई, डॉ. रामशंकर पाण्डेय, डॉ. श्रीकांत मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post