स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। नगर निगम शाहजहाँपुर में मंगलवार को "सम्भव" (Systematic Administrative Mechanism, Bringing Happiness and Value) कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण तथा कर विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई दिवस के दौरान कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समाधान जनसामान्य की संतुष्टि एवं पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कराया जाए।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह, महाप्रबंधक (जल) विजय नारायण मौर्य, मुख्य अभियंता (सिविल) एस.के. अम्बेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
