स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। थाना पुवायाँ पुलिस ने दहेज उत्पीड़न एवं विवाहिता की संदिग्ध मृत्यु से जुड़े मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पुवायाँ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को वादी बसन्तलाल निवासी ग्राम कलंदरगंज ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री सुगन्धा देवी से पति, ससुर, सास, ननद एवं अन्य परिजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये और सोने की एक लर की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। आरोप है कि पति द्वारा दूसरी महिला के साथ चले जाने और लगातार फोन व संदेशों से मानसिक उत्पीड़न के चलते सुगन्धा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में थाना पुवायाँ पर मु0अ0सं0 359/2026 के तहत धारा 352, 85, 80(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद पति राजकमल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस ने मंगलवार को वांछित अभियुक्त राजेश कुमार (50 वर्ष) पुत्र छेदालाल, निवासी ग्राम रतनपुर कंडा, थाना पुवायाँ को बड़ागांव बाईपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विशाल कुमार एवं कांस्टेबल जरनैल सिंह शामिल रहे।
