परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, दो बिछड़े दंपतियों का हुआ समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित सत्र के दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। परामर्श और आपसी बातचीत के बाद 02 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।

पहला मामला थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र का था, जहां लगभग एक वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। आवेदिका ने आरोप लगाया कि उसका पति घरेलू खर्च के लिए पैसे नहीं देता और पैसे मांगने पर मारपीट व गाली-गलौज करता है। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। पति ने भविष्य में पत्नी के साथ मारपीट न करने का आश्वासन दिया, जिस पर दोनों आपसी सहमति से साथ रहने को राजी हो गए।

दूसरा मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का था। करीब आठ वर्ष पूर्व विवाह हुए इस दंपति के दो बच्चे हैं। आवेदिका ने आरोप लगाया कि पति और सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके चलते वह मायके चली गई थी। परामर्श के दौरान दोनों पक्षों को समझाया गया। पति और उसके माता-पिता ने भविष्य में किसी प्रकार की मारपीट न करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया और दंपति को सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र के इस सत्र में महिला परामर्शदाता श्रीमती हिमांशु श्रीवास्तव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, शीतल चौहान, पिंकी, निशा मिश्रा तथा आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post