बारावफात को लेकर थाना कांट में पीस कमेटी की बैठक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से की अपील, सौहार्द बनाए रखने के दिए निर्देश

शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्राधिकारी सदर के साथ थाना कांट में आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की।

बैठक में क्षेत्र के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को बारावफात के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस/कार्यक्रम मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध पहले से सुनिश्चित रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बारावफात पर्व मनाने की अपील की।

Previous Post Next Post