सीएमओ ने जलीकोठी और कटियाटोला अर्बन पीएचसी का किया औचक निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने रविवार को अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलीकोठी एवं कटियाटोला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच, टीकाकरण एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जलीकोठी अर्बन पीएचसी के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र पाल सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय ओपीडी में 48 मरीजों को देखा जा चुका था। सीएमओ ने दो मरीजों को स्वयं देखा तथा आवश्यकतानुसार उपचार एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

स्टाफ नर्स द्वारा 41 मरीजों को एआरवी वैक्सीन की डोज लगाए जाने की जानकारी मिली। प्रयोगशाला में आठ मरीजों की जांच की जा चुकी थी, जिनमें मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और शुगर की जांच शामिल थी। जांच में कोई धनात्मक केस नहीं पाया गया।

सीएमओ ने दवा वितरण कक्ष में दवाओं के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा एक्सपायरी डेट की जांच के बाद ही दवा वितरित करने के निर्देश दिए। टीकाकरण कक्ष में छह बच्चों का टीकाकरण तथा पांच लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने टीकाकरण संबंधी रिपोर्ट समय से यूविन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

परिवार नियोजन कक्ष में 10 लाभार्थियों को परिवार नियोजन सामग्री वितरित की जा चुकी थी। सीएमओ ने अधिक से अधिक इच्छुक लाभार्थियों को परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय परिसर, शौचालयों एवं आसपास के क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीएमओ ने अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटियाटोला का भी औचक निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के समय ओपीडी में 23 मरीजों को देखा जा चुका था। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए तथा आरोग्य मेले में प्रदान की गई चिकित्सीय सेवाओं की पोर्टल पर समय से फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।

कटियाटोला केंद्र पर एक गर्भवती महिला को टीकाकरण से लाभान्वित किया गया तथा दो लाभार्थियों को माला-एन प्रदान की गई। सीएमओ ने टीकाकरण संबंधी विवरण समय से यूविन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं, उपकरणों, जांच कक्ष, टीकाकरण, परिवार नियोजन सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सहयोगात्मक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Previous Post Next Post