स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी), नियामतपुर में कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 13 दिवसीय 'कृषि उद्यमी प्रशिक्षण' का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा 35 दिवसीय ब्यूटीशियन प्रैक्टिशनर बैच का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) उत्कर्ष द्विवेदी रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके हुनर, नवाचार एवं स्वरोजगार के प्रति उत्साह की सराहना की। सीडीओ ने सभी सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल उद्यमी बनने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख दीपक कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंक की विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, आरसेटी निदेशक विशाल शुक्ला ने संस्थान द्वारा ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
समारोह में उप कृषि निदेशक पुरुषोत्तम मिश्रा एवं जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य सुमित कुमार, बृजकिशोर यादव, कार्यालय सहायक मोहिनी राजवंशी, राहुल कनौजिया तथा एफएलसी पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
