स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय एवं राजस्व अभिलेखागार में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर का जीर्णोद्धार केवल भवनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर, सुगम एवं व्यवस्थित प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़ी एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की देरी या अनियमितता न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
