मवाना बीआरसी पर दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित

ब्यूरो चीफ तशरीफ अली मेरठ ✍️

मेरठ, 13 अगस्त 2026। बेसिक शिक्षा विभाग एवं जिला चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के यूडीआईडी (UDID) कार्ड बनाए जाने के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी), मवाना पर मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया।

कैंप का आयोजन जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) राजेश कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी त्रिवेंद्र कुमार के निर्देशन में किया गया। कैंप में कुल 39 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया परीक्षण

चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम में एसीएमओ डॉ. अतुल कुमार, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राजीव गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. विभा नागर एवं फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रत्नेश कुमार वर्मा शामिल रहे। चिकित्सकों द्वारा बच्चों का विस्तृत चिकित्सीय परीक्षण किया गया।

जांच के बाद 16 दिव्यांग बच्चों को यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाया गया और उनके यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। वहीं 7 बच्चों को अग्रिम जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि 16 बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार अपात्र पाया गया।

अभिभावकों को दी गई आवश्यक जानकारी

कैंप के दौरान अभिभावकों को मानसिक मंदता (Intellectual Disability) से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 (24×7) के बारे में जानकारी देते हुए इसके प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया गया।

कैंप के सफल आयोजन में विशेष शिक्षक अर्जित कुमार, मनोज कुमार, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार सहित समस्त बीआरसी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Previous Post Next Post