शाहजहांपुर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 1562 वाहनों के चालान

 

ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष अभियान; 22 ड्रंकन ड्राइविंग चालान

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 14 सितंबर। सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से शाहजहांपुर यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न/हूटर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 1562 चालान किए गए।

टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर हुई सघन चेकिंग

यातायात निदेशालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में 12/13 सितंबर की रात रात 8 बजे से 11 बजे तक थाना मदनापुर, सिंधौली, खुटार और पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस, संबंधित थाना पुलिस एवं सीसी टीम ने वाहनों की जांच की।

ड्रंकन ड्राइविंग के 22 चालान

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंकन ड्राइविंग के 22 चालान किए गए।

इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर के 02 चालान तथा प्रेशर हॉर्न/हूटर के 38 चालान किए गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई को मिलाकर कुल 1562 चालान एमवी एक्ट के तहत किए गए।

यात्रियों को भी किया जागरूक

पुलिस टीम ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। टोल प्लाजा पर परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों से भी पुलिसकर्मियों ने उनके हाल-चाल की जानकारी ली और हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान

यातायात पुलिस शाहजहांपुर द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous Post Next Post