दिव्यांगता प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं और शैक्षिक सुविधाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
ब्यूरो रिपोर्ट तशरीफ़ अली मेरठ ✍️
मेरठ, 14 सितंबर 2026। विकास क्षेत्र दौराला में सोमवार को दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों के लिए एक दिवसीय परामर्श एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों को दिव्यांगता से संबंधित शैक्षिक सुविधाओं और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला का आयोजन जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
दिव्यांग बच्चों की शीघ्र पहचान पर दिया जोर
कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन अर्जित कुमार एवं प्रमोद कुमार ने अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की शीघ्र पहचान, दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया तथा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को लेकर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों के संबंध में भी अवगत कराया गया।
उपकरण वितरण से लेकर होम बेस्ड एजुकेशन तक की जानकारी
कार्यशाला के दौरान अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध उपकरण वितरण, होम बेस्ड एजुकेशन, एस्कॉर्ट अलाउंस, स्टाइपेंड सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने अभिभावकों से योजनाओं का लाभ उठाने तथा बच्चों की शिक्षा एवं विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का उचित उपयोग करने का आह्वान किया।
विशेष शिक्षकों और स्टाफ ने दिया सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव नेहरा एवं दीपक कुमार, विशेष अध्यापकों सहित ब्लॉक संसाधन केंद्र दौराला के समस्त स्टाफ ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
कार्यशाला में मौजूद अभिभावकों ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रमाण पत्र एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और कार्यक्रम को उपयोगी बताया।
