₹15 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, शादी अनुदान दिलाने के नाम पर की थी धोखाधड़ी

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शादी का सरकारी अनुदान दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में फरार चल रहे ₹15,000 के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने पीड़िता को सरकार की ओर से एक लाख पचास हजार रुपये का शादी अनुदान दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद सीएचसी केंद्र पीपल तिराहा स्थित माधुरी लॉज के बगल में डीके सर्विस सेंटर पर पीड़िता और उसके आधार कार्ड की जानकारी लेकर अंगूठा लगवाया गया। आरोप है कि इसी प्रक्रिया के माध्यम से पीड़िता के खाते से क्रमशः 70,000 रुपये, 8,000 रुपये और 54,000 रुपये, कुल 1,32,000 रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए गए।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 125/2025, धारा 316(2), 318(4) बीएनएस के तहत संतोष कुमार वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने अभियुक्त संतोष कुमार वर्मा पुत्र जय जयराम वर्मा निवासी धनौरा सेमरी गुलरिहा, थाना महराजगंज तराई, जनपद बलरामपुर को तुलसीपुर रोड पर बिजलीपुर गांव के मोड़ के पास निर्माणाधीन हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

Previous Post Next Post