नदी में छलांग लगाने वाली युवती को बचाने वाली पुलिस टीम सम्मानित

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। पिपरा पुल के पास नदी में छलांग लगाने वाली युवती की जान बचाने वाले थाना गौरा चौराहा की रात्रि गश्त टीम के दो पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके कार्य को पुलिस सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।


घटना 10 सितंबर 2026 की रात्रि की है। थाना गौरा चौराहा क्षेत्र के पिपरा पुल के पास हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल मुकेश यादव रात्रि गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवती पिपरा पुल पर पहुंची और अचानक पुल से नीचे नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में छलांग लगाते देख दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए साहस का परिचय देते हुए नदी में उतरकर उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।

पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित बचाने के बाद तत्काल उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर युवती के भाई समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवती और उसके परिजनों की काउंसलिंग की तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए युवती को सकुशल उसके भाई के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट के समय प्रत्येक व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना भी है। उन्होंने कहा कि हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार और कांस्टेबल मुकेश यादव ने जिस साहस, तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह पुलिस की सेवा भावना को दर्शाता है।

समय रहते पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई से युवती की जान बच सकी। पुलिसकर्मियों के इस मानवीय कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। मित्र पुलिस आमजन की सेवा और सुरक्षा के लिए 24×7 तत्पर है।

Previous Post Next Post