ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) एवं पिपरी कोल्हुई का स्थलीय भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों तथा ग्राम स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) में जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया और वहां संचालित डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं, अध्ययन सामग्री तथा इसके उपयोग के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटल लाइब्रेरी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को इससे जोड़ा जाए, ताकि ग्राम स्तर पर उपलब्ध इस सुविधा का अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में परिवार रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने इसकी अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्मिकों को परिवार रजिस्टर समेत ग्राम पंचायत स्तर के सभी आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित एवं समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पंचायत पिपरी कोल्हुई पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी की उपयोगिता बढ़ाने तथा ग्रामीण विद्यार्थियों एवं युवाओं को इसकी जानकारी उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पिपरी कोल्हुई स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बारिश के समय विद्यालय परिसर में होने वाली जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। बारिश के दौरान जलभराव के कारण पठन-पाठन प्रभावित न हो, इसके लिए उचित जल निकासी व्यवस्था समेत अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सभी जनसुविधाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। ग्राम सचिवालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी जैसी व्यवस्थाओं को सक्रिय, व्यवस्थित और उपयोगी बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

