ऑपरेशन कन्विक्शन में बड़ी सफलता: 250 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में अभियुक्त को 10 साल की सजा


शाहजहाँपुर पुलिस की प्रभावी पैरवी का असर, दोषसिद्ध अभियुक्त पर ₹1 लाख का अर्थदंड भी

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 सितम्बर 2026। अपराधियों को न्यायालय से अधिकतम एवं कठोर सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत शाहजहाँपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 250 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामदगी से जुड़े NDPS एक्ट के मामले में न्यायालय ने अभियुक्त को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और ₹1 लाख के अर्थदंड से दंडित किया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के आदेश तथा अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा और पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशों के क्रम में हुई। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस एवं अभियोजन विभाग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर मामले की पैरवी की गई।

मॉनीटरिंग सेल और अभियोजन विभाग ने की प्रभावी पैरवी

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सदर/प्रभारी पैरवी शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में मॉनीटरिंग सेल, थाना कटरा पुलिस एवं अभियोजन विभाग द्वारा मामले की लगातार पैरवी की गई।

पुलिस के अनुसार मामले से संबंधित साक्ष्यों एवं गवाहों को समयबद्ध तरीके से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया गया। अभियोजन पक्ष के कुल चार साक्षियों की गवाही कराई गई तथा उपलब्ध साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से न्यायालय के समक्ष रखा गया।

इसके परिणामस्वरूप माननीय एडीजे-42, शाहजहाँपुर द्वारा अभियुक्त को दोषसिद्ध करते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं ₹1 लाख अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

वाहन चेकिंग के दौरान बरामद हुई थी स्मैक

पुलिस के मुताबिक घटना 13 मार्च 2022 की रात की है। उपनिरीक्षक रतिराम सिंह पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान शान इंटर कॉलेज के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।

इसी बीच खुदागंज की ओर से मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे रोक लिया।

पुलिस के अनुसार सक्षम अधिकारी के समक्ष तलाशी लिए जाने पर उसके कब्जे से 250 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मामले में टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी।

अभियुक्त का विवरण

मोहम्मद इरफान पुत्र इसरार अहमद, निवासी महेतरपुर तेजा, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली।

प्रकरण का विवरण

  • मु0अ0सं0: 98/2022
  • धारा: 8/22(ग) एनडीपीएस एक्ट
  • थाना: कटरा
  • जनपद: शाहजहाँपुर
  • बरामदगी: 250 ग्राम स्मैक एवं एक टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल
  • न्यायालय: एडीजे-42, शाहजहाँपुर
  • सजा: 10 वर्ष सश्रम कारावास
  • अर्थदंड: ₹1 लाख

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत कार्रवाई जारी

शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के साथ-साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर उन्हें कठोर दंड दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस का कहना है कि अभियान के माध्यम से अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Previous Post Next Post