मानसून पूर्व तैनाती के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजीजगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 15 सितम्बर 2026। मानसून पूर्व तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के अंतर्गत 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद की टीम द्वारा मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजीजगंज, शाहजहाँपुर में आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व INSP शिवकली धुर्वे, NDRF ने किया। इस दौरान श्री नरेश कुमार नामदेव, DC/GD, NDRF तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना शुक्ला की मौजूदगी में छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा की स्थिति में बचाव और प्राथमिक उपचार के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी गई।
प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से बचाव की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं और स्टाफ को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव नियंत्रण (Bleeding Control), फ्रैक्चर की स्थिति में स्प्लिंटिंग (Splinting), कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।
NDRF टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर परिस्थितियों का आकलन करना चाहिए और सुरक्षित स्थान की ओर जाना चाहिए। साथ ही स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
सामुदायिक क्षमता निर्माण पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा उनमें जनजागरूकता एवं सामुदायिक क्षमता निर्माण की भावना विकसित करना रहा।
NDRF टीम ने छात्राओं को आपदा के दौरान प्राथमिक स्तर पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा बचाव एवं राहत कार्यों में सहयोग करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की।
प्रधानाचार्या ने NDRF टीम का जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजीजगंज की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना शुक्ला ने NDRF टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा के समय प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
