परिवार परामर्श केंद्र में 27 मामलों की सुनवाई, समझौते के बाद दो दंपतियों को साथ भेजा

शाहजहाँपुर पुलिस की पहल से टूटते रिश्तों को बचाने का प्रयास, आपसी सहमति से दंपतियों में हुआ समझौता

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 27 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। आपसी बातचीत एवं परामर्श के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराया गया और दोनों दंपतियों को सकुशल उनके घर के लिए विदा किया गया।

शराब और घरेलू विवाद को लेकर दंपति में था विवाद

थाना पुवायाँ क्षेत्र के एक दंपति, जिनका विवाह करीब दो वर्ष पूर्व हुआ था और उनका एक बेटा है, के मामले में दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया।

परामर्श के दौरान पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर गाली-गलौज एवं मारपीट करता है तथा घर का खर्च भी नहीं देता। उसने ससुराल में रहने को लेकर भी अपनी समस्याएं बताईं। महिला ने कहा कि यदि पति उसे ठीक से रखे और उसकी जिम्मेदारियां निभाए तो वह ससुराल वापस जाने को तैयार है।

वहीं पति ने भविष्य में शराब न पीने, पत्नी के साथ मारपीट न करने और उसके खर्च की जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद उन्होंने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

दहेज को लेकर विवाद में भी हुआ समझौता

थाना खुदागंज क्षेत्र के एक अन्य दंपति का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। महिला पिछले करीब छह माह से अपने मायके में रह रही थी।

परामर्श के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि पति कम दहेज लाने का ताना देकर उससे पैसे की मांग करता है और मारपीट करता है। महिला ने पति द्वारा भविष्य में मारपीट नहीं करने का आश्वासन मिलने पर उसके साथ जाने की सहमति जताई।

पति ने पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने और उसे अपने साथ रखने की बात कही। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया और दंपति को सकुशल विदा किया गया।

परिवारों को टूटने से बचाने पर जोर

परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद एवं समझौते के जरिए समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना है।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र म0उ0नि0 मधु यादव, परामर्शदाता श्रीमती शशि प्रभा कौशल, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी निशा, रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, मोनिका कुमारी, पिंकी, आरक्षी रिंकू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post