परिवार परामर्श केंद्र में 28 मामलों की सुनवाई, 7 दंपतियों में हुआ समझौता; बिछड़े परिवार फिर हुए एक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर पुलिस की पहल से पति-पत्नी के विवाद सुलझे, आपसी सहमति के बाद दंपतियों को सकुशल विदा किया गया

शाहजहांपुर। परिवारों में चल रहे आपसी विवादों को बातचीत और समझाइश के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से 10 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन शाहजहांपुर में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित केंद्र में कुल 28 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 7 दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। समझौते के बाद सभी सातों दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और आपसी मतभेद दूर करने के लिए समझाया गया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में विवाद न करने तथा परिवार के साथ मिल-जुलकर रहने पर सहमति जताई।

रोजा थाना क्षेत्र का मामला

रोजा थाना क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी करीब तीन माह से मायके में रह रही थी और उनके दो बच्चे हैं। पत्नी का आरोप था कि उसका पति उस पर शक करता था। इसी विवाद के चलते उसने प्रार्थना पत्र दिया था।

परामर्श के दौरान पति ने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में पत्नी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करेगा, उस पर शक नहीं करेगा तथा पत्नी और बच्चों के खर्च की जिम्मेदारी उठाएगा। पत्नी भी पति के साथ रहने के लिए तैयार हो गई। दोनों के बीच समझौता होने के बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।

पुवायां में शराब छोड़ने का आश्वासन

पुवायां थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी दो माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया था।

परामर्श के दौरान पति ने भविष्य में शराब न पीने, पत्नी के साथ मारपीट न करने, उसे अच्छे से रखने और खर्च के लिए पैसे देने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।

सिंधौली की गर्भवती महिला भी पति के साथ जाने को तैयार

सिंधौली थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब चार माह पूर्व हुई थी। पत्नी 10 दिन से मायके में रह रही थी और वह दो माह की गर्भवती है। उसने पति पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया।

पत्नी ने कहा कि यदि पति उसे ठीक से रखे तो वह ससुराल जाने के लिए तैयार है। पति ने भी भविष्य में झगड़ा न करने, पत्नी की बात मानने और उसे अपने साथ रखने का आश्वासन दिया। दोनों के बीच समझौता हो गया।

निगोही में 8 माह की गर्भवती महिला का विवाद सुलझा

निगोही थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी दो माह से मायके में रह रही थी और आठ माह की गर्भवती है। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया।

पत्नी ने पति से मारपीट बंद करने और खाने-खर्च की व्यवस्था करने की बात कही। पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों में समझौता करा दिया गया।

कांट में सास को लेकर था विवाद

कांट थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी 20 दिन से मायके में रह रही थी। उसने पति पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। साथ ही बताया कि सास उससे घर का काम कराती हैं और उसके हाथ का खाना नहीं खाती हैं।

परामर्श के दौरान पति ने पत्नी से मारपीट न करने, उसे अच्छे से रखने और खर्च देने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

खुटार में शराब और मारपीट को लेकर विवाद

खुटार थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी दो माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया।

परामर्श के दौरान पति ने शराब न पीने, पत्नी से झगड़ा न करने और उसकी बात मानकर साथ रखने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।

खुदागंज दंपति में दो साल से चल रहा था विवाद

खुदागंज थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी करीब दो वर्ष से मायके में रह रही थी। उसने पति पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। पत्नी ने कहा कि यदि पति उसे मायके से लेने आएगा, तभी वह उसके साथ जाएगी।

परामर्श के दौरान पति ने मारपीट न करने, पत्नी को अच्छे से रखने और खर्च देने का आश्वासन दिया। साथ ही उसने पत्नी को उसके मायके से स्वयं लेकर आने की बात कही। दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परामर्श केंद्र की टीम रही मौजूद

परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी म0उ0नि0 मधु यादव के नेतृत्व में महिला आरक्षी शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी, नेहा चौहान तथा आरक्षी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य आपसी विवादों को संवाद और समझाइश के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।

Previous Post Next Post