शाहजहांपुर पुलिस ने मौके पर 32 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

IGRS शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए विशेष अभियान जारी, शिकायतकर्ताओं को बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 06 सितंबर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को कुल 32 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में IGRS के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी शिकायतें

विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

इसी क्रम में 06 सितंबर 2026 को जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 32 शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर समाधान किया गया।

दोनों पक्षों का लिया जा रहा फीडबैक

पुलिस के अनुसार, शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और शिकायतों का मौके पर बेहतर तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा।

Previous Post Next Post