मौसम बदलते ही बढ़ा वायरल फीवर और मच्छरजनित रोगों का खतरा, डॉ. अमित सक्सेना ने किया जागरूक

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️

घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की दी सलाह

बिसवां, सीतापुर। मौसम में बदलाव के साथ वायरल फीवर और मच्छरजनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए शुगर फैक्ट्री चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सक्सेना ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भेंटवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और नियमित स्वच्छता अपनाकर इन बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डॉ. अमित सक्सेना ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए कूलर, गमले, पुराने टायर, नालियों तथा अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करते रहें।

उन्होंने मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े और जूते पहनने तथा सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही खानपान पर ध्यान देते हुए विटामिन-सी युक्त फल एवं सब्जियों को आहार में शामिल करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने पर जोर दिया।

लगातार बुखार रहने पर चिकित्सक से लें परामर्श

डॉ. सक्सेना ने कहा कि यदि बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी या अन्य लक्षण लगातार बने रहें, तो स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए और चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच और उचित उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

उन्होंने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ आसपास साफ-सफाई रखने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने की अपील की।

Previous Post Next Post