विशेष अभियान के तहत अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर किया स्थलीय निरीक्षण, दोनों पक्षों से लिया फीडबैक
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 सितंबर 2026 को कुल 47 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करना है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को सभी थानों से प्राप्त शिकायतों में कुल 47 शिकायतों का स्थलीय निस्तारण किया गया। अधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा मामले से जुड़े दोनों पक्षों से फीडबैक भी लिया गया।
बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि विशेष अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। मौके पर स्थलीय निरीक्षण के बाद शिकायत का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की बात सुनकर और उनके फीडबैक के आधार पर शिकायत के निस्तारण के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रभावशीलता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
