उतरौला में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य समापन, गाजे-बाजे के साथ दी भगवान श्रीकृष्ण को विदाई

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद के उतरौला नगर में सात दिनों से चल रहे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय समापन हुआ। अगले वर्ष फिर भक्तों के घर पधारने के वादे के साथ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे और भव्य शोभायात्रा के बीच विदाई दी गई। देर रात तक चले विसर्जन जुलूस में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा नगर कृष्णमय नजर आया।

विसर्जन से पूर्व नगर क्षेत्र की दर्जनों आकर्षक झांकियां ज्वाला महारानी मंदिर परिसर में एकत्र हुईं। यहां से सैकड़ों युवा श्रद्धालु डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की भक्तिमय धुनों पर झूमते हुए जुलूस के रूप में डाकघर पहुंचे। इसके बाद डाकघर से मुख्य विसर्जन जुलूस निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ दुखहरण नाथ मंदिर पहुंचा। यहां विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।


जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जगह-जगह मिष्ठान, शरबत और पेयजल की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।

शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। उतरौला सीओ, एसडीएम और नगर कोतवाल समेत कई थानों की पुलिस फोर्स जुलूस के साथ देर रात तक मौजूद रही। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बताया गया कि विसर्जन कार्यक्रम रात करीब दो बजे सकुशल पूरा हुआ।

इससे पूर्व भगवान श्रीकृष्ण की छठी के अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। इनमें नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सात दिवसीय जन्मोत्सव के दौरान उतरौला नगर के साथ-साथ हासिमपारा, लालगंज, शाहपुर इटई, बेथुइया और खजुहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे सप्ताह श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

विसर्जन जुलूस को सफल बनाने में चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, राधेश्याम वर्मा, रवीन्द्र गुप्ता कमलापुरी वैश्य समाज देवीपाटन मंडल अध्यक्ष, संतोष कसौंधन, अमित गुप्ता, कपिल गुप्ता, दया राम वर्मा, श्रवण सोनी, फरेन्द्र गुप्ता, नरेंद्र पटवा, विकास गुप्ता, राजेश सोनी, दीपक चौधरी, राजेश गुप्ता मोनू, अभिषेक गुप्ता सभासद, राम प्रकाश गुप्ता, आलोक गुप्ता, आकाश गुप्ता, शुभम् गुप्ता, दीपक गुप्ता, मनीष कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हजारों लोगों की मौजूदगी ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के समापन को भव्य और यादगार बना दिया।

Previous Post Next Post