बारिश-बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, त्योहारों से पहले आवागमन सुगम कराने पर जोर

 

सीएम योगी ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में कहा- पहले सड़कों को मोटरेबल बनाएं, बरसात बाद जरूरत के अनुसार कराया जाए स्थायी नवीनीकरण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए नए मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। जिन स्थानों पर सड़कें खराब स्थिति में हैं, वहां तत्काल आवश्यक कार्य कर उन्हें मोटरेबल बनाया जाए। बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार इन सड़कों का स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

पर्व-त्योहारों से पहले पूरे हों जरूरी कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर यातायात में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्व एवं त्योहारों से पहले आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण के कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अन्य ऐसे स्थानों, जहां आमजन का आवागमन अधिक रहता है, वहां की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। इन मार्गों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए और जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां बिना देरी किए सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कई विभागों की कार्ययोजनाओं की समीक्षा

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके साथ ही मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द दुरुस्त कर आमजन के आवागमन को सुचारु बनाया जाए।

Previous Post Next Post