अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में प्रभावी पैरवी के निर्देश

 

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज, 28 सितंबर 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में सोमवार को संगम सभागार में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश कुमार दुबे ने की। इस दौरान जनपद में लंबित अभियोजन प्रकरणों, गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों और न्यायालयों में लंबित वादों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में पिछले माह गंभीर अपराधों से संबंधित मामलों में कितने अभियुक्त बरी हुए और किन मामलों में अपील की गई, इस संबंध में भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने शासकीय अधिवक्ताओं और अभियोजन संवर्ग के अधिकारियों को जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी प्रकरणों में प्रभावी पैरवी की जाए। विशेष रूप से महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, मादक पदार्थों से संबंधित मामलों और अन्य गंभीर प्रकरणों में त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी करने को कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में सम्मन की तामीला नहीं हो रही है, उनमें अधिक से अधिक सम्मन की तामीला कराकर मामलों के निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के कारणों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अभिलेख समय से न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त निदेशक अभियोजन, जिला शासकीय अधिवक्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post