ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सर्पदंश की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि सर्पदंश के बाद हर पल बेहद महत्वपूर्ण होता है और समय पर उपचार मिलने से पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की घटना होने पर घबराने के बजाय पीड़ित को बिना किसी देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झाड़-फूंक, घरेलू उपचार अथवा किसी अन्य पारंपरिक उपाय में समय गंवाना पीड़ित के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
उन्होंने बताया कि सर्पदंश के मामले में सही जानकारी और त्वरित निर्णय जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सर्पदंश की घटना को छिपाने या उपचार में देरी करने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष रूप से अपील की है कि सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक और घरेलू उपचार में समय न गंवाएं तथा पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। सही समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से गंभीर स्थिति को नियंत्रित कर जीवन की रक्षा की जा सकती है।
