डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा का किया निरीक्षण, शैक्षिक आउटकम बेहतर करने के निर्देश

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बिना मान्यता संचालित विद्यालयों पर हो सख्त कार्रवाई, चिन्हित कर सील करने के निर्देश

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित कक्षाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षिक सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम एवं शैक्षिक प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की संख्या एवं पठन-पाठन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सीखने के स्तर का नियमित आकलन किया जाए। कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए अतिरिक्त एवं सुधारात्मक शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएं।


जिलाधिकारी ने विद्यालय के वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित पाठ्यक्रम एवं शैक्षिक गतिविधियों को शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित ‘पंख’ करियर गाइडेंस कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में नियमित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही समय पर करियर मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थी अपने भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुन सकते हैं।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर एवं उपलब्ध भूमि का निरीक्षण करते हुए कहा कि इंटर कॉलेज में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। उपलब्ध भूमि एवं संसाधनों का शैक्षिक दृष्टि से अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। परिसर में ऐसी शैक्षिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का विकास हो सके।


विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या एवं कक्षाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यकता के अनुरूप सेक्शन बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कक्षाओं का संचालन प्रभावी ढंग से किया जाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना मान्यता संचालित विद्यालयों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ऐसे विद्यालयों को सील कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और उनके शैक्षिक हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post