शाहजहाँपुर में एंटी रोमियो अभियान, छात्राओं को महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 सितंबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों के बाहर एवं आसपास चेकिंग करते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद किया।

अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के बाहर एवं आसपास भ्रमण और चेकिंग की। छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने अथवा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया।

विद्यालयों एवं आसपास के संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं युवकों की चेकिंग की गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी व्यक्ति द्वारा परेशान किए जाने अथवा असहज महसूस होने की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचना दें, जिस पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान छात्राओं को वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के संबंध में जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

एंटी रोमियो टीमों ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। छात्राओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि अथवा महिला संबंधी अपराध की जानकारी होने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।

शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों के माध्यम से नियमित भ्रमण, चेकिंग एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Previous Post Next Post