ब्यूरो रिपोर्ट शशांक मिश्रा
लखनऊ। काकोरी क्षेत्र के मौंदा गांव में कई दिनों से चल रहे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आज भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। इस अवसर पर मौजेश्वर महादेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आकर्षक झांकियां रथों पर सजाकर शामिल की गईं। पूरे गांव में शोभायात्रा का भ्रमण कराया गया, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और युवा शामिल हुए। डीजे की धार्मिक एवं भक्तिमय धुनों पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। शोभायात्रा के दौरान की गई आतिशबाजी ने भी कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ झांकियों के दर्शन किए तथा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। जन्मोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए काकोरी थाने की पुलिस टीम पूरे मार्ग पर मौजूद रही। पुलिस की सतर्कता के चलते शोभायात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। आयोजन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के भव्य समापन ने गांव में धार्मिक आस्था, उत्साह और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।


