राधा-कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाई गई भगवान श्रीकृष्ण की छठी, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️

बाल स्वरूप का पंचामृत अभिषेक कर कराया गया नवीन श्रृंगार, छप्पन भोग के बाद हुआ विशाल भंडारा

बिसवां, सीतापुर। नगर के मोहल्ला रायगंज स्थित प्राचीन श्री राधा कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी का महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान दोपहर में ठाकुर जी के बाल स्वरूप का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को नए वस्त्र धारण कराकर विधि-विधान से श्रृंगार किया गया और छप्पन भोग अर्पित किया गया।

छठी महोत्सव के अवसर पर महिला मंडली ने पारंपरिक सोहर गीत ‘नंद घर आनंद भयो’ प्रस्तुत किया। मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की छठी की कथा सुनाई। इसके बाद देर शाम तक भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर अमित गुप्ता, पंकज गुप्ता, रसिक गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, मुकेश गुप्ता, मुन्नालाल गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, अर्पित गुप्ता, शिवम गुप्ता, नीलकमल गुप्ता, दिनेश गुप्ता, सचिन गुप्ता, राजेश गुप्ता सहित मोहल्ले के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

अंत में मंदिर कमेटी ने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post