‘हिंदी हमारा अभिमान’ विषय पर बंदियों ने व्यक्त किए विचार
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 सितंबर 2026। राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर जिला कारागार शाहजहाँपुर में निरुद्ध बंदियों के मध्य ‘हिंदी हमारा अभिमान’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बंदियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी भाषा के महत्व, समृद्ध साहित्यिक विरासत एवं राष्ट्रीय एकता में हिंदी के योगदान पर अपने विचार लेखनी के माध्यम से व्यक्त किए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री जे.पी. तिवारी ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदनाओं और राष्ट्रीय चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हिंदी हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और इसके प्रति सम्मान एवं गौरव का भाव बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
जेल अधीक्षक ने बंदियों को अध्ययन, लेखन एवं रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और साहित्य व्यक्ति के विचारों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा व्यक्तित्व निर्माण एवं सामाजिक पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से बंदियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, अभिव्यक्ति कौशल और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि शिक्षा एवं साहित्य के जरिए सकारात्मक सोच विकसित कर बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
