जिला कारागार में नशा उन्मूलन एवं हिंदी दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 

नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 14 सितंबर। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहाँपुर श्री धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में “नशा उन्मूलन एवं हिंदी दिवस” के अवसर पर जिला कारागार शाहजहाँपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहाँपुर श्रीमती अपेक्षा सिंह ने की।

हिंदी और नशा उन्मूलन पर सचिव ने रखे विचार

श्रीमती अपेक्षा सिंह ने नशा उन्मूलन एवं हिंदी दिवस विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर हमें अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति सम्मान के साथ-साथ नशा उन्मूलन जैसे गंभीर सामाजिक विषय पर भी जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए भाषा, संस्कृति और नागरिकों का स्वास्थ्य मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

नशा व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल सकता है

लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ श्री दिनेश कुमार मिश्र ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ अनजाने में अपराध की ओर भी धकेल सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने शरीर और जीवन का सदुपयोग करने तथा नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया।

लीगल एड डिफेंस काउंसिल के असिस्टेंट श्री विवेक शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति की जीवन में प्रगति के रास्ते में बाधक बनता है और शरीर, मन तथा भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने इच्छाशक्ति के माध्यम से नशे से दूर रहने की बात कही। साथ ही उन्होंने एनडीपीएस कानून से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।

अच्छे नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित

डिप्टी जेलर कु. प्रगति ने भी नशा उन्मूलन के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बंदियों को अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए नशे से दूर रहने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल द्वारा किया गया।

अंत में जेल अधीक्षक श्री जे.पी. तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डिप्टी जेलर श्री सुभाष यादव सहित बंदीगण एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post