स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 29 सितंबर 2026। आगामी शारदीय नवरात्र एवं विजयदशमी पर्व को सकुशल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर में होने वाले रामलीला कार्यक्रमों एवं श्री गणेश शोभायात्रा के रूट का प्रशासनिक अधिकारियों ने भौतिक निरीक्षण किया।
शारदीय नवरात्र का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होगा, जबकि विजयदशमी का मुख्य पर्व 20 एवं 21 अक्टूबर को मनाया जाएगा। नगर में विभिन्न स्थानों पर करीब 12 बड़े रामलीला कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ओसीएफ रामलीला मैदान और खिरनीबाग रामलीला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम प्रस्तावित है।
8 अक्टूबर को निकलेगी श्री गणेश शोभायात्रा
खिरनीबाग में रामलीला का शुभारंभ 8 अक्टूबर को गणेश पूजन कार्यक्रम के बाद होगा। इसी दिन शाम 4 बजे थाना कोतवाली स्थित गांधीगंज श्री नर्सिंग भगवान मंदिर से श्री गणेश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा गांधीगंज से प्रारंभ होकर रंगमहला, चारखम्भा, चौक, कच्चा कटरा, अंजान चौकी, घंटाघर, बहादुरगंज और सदर बाजार थाना के सामने से होते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां रात्रि करीब 8 बजे गणेश पूजन कार्यक्रम संपन्न होगा।
यातायात, बिजली और पेयजल व्यवस्था को लेकर निर्देश
नगर आयुक्त श्रीमती सौम्या गुरुरानी के निर्देशन में एडीएम प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय, अधिशासी अभियंता जलकल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड तथा क्षेत्राधिकारी पुलिस यातायात ने संबंधित रूट का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आगामी पर्वों के दौरान यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, जलनिकासी एवं सड़कों की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्व समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
