प्रयागराज में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों की दी गई जानकारी

सहायक ब्यूरो चीफ मोहम्मद आमिर, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज, 29 सितंबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पूर्व जनपद में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री दिवाकर द्विवेदी और नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार चौरसिया के निर्देशन में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज की सचिव श्रीमती प्रदीप्ति सिंह के संचालन में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।

मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों एवं बाल अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।

विद्यावती दरबारी बालिका इंटर कॉलेज में श्रीमती तहरीम खान, एसीजेएम-02, अग्रसेन इंटर कॉलेज में श्री अभय राजवंशी, जेएम-10, कुलाभास्कर आश्रम इंटर कॉलेज में श्रीमती दीपिका अत्री, एसीजेएम-16, कर्नलगंज इंटर कॉलेज में श्रीमती शैलजा मिश्रा, एसीजेएम-07 तथा राजकीय इंटर कॉलेज प्रयागराज में श्री प्रतीक गुप्ता, जेएम-05 द्वारा बच्चों को जागरूक किया गया।

इसी क्रम में गोमती इंटर कॉलेज फूलपुर एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फूलपुर में पीठासीन अधिकारी ग्राम न्यायालय फूलपुर श्री कामेन्द्र नाथ चौधरी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, किसी अप्रिय स्थिति से बचाव तथा ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर सहायता प्राप्त करने के उपायों के बारे में भी बताया गया। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

यह जानकारी श्री परमानन्द मिश्रा, वरिष्ठ लिपिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज द्वारा दी गई।

Previous Post Next Post