IGRS शिकायतों के निस्तारण में शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी पहल, 38 शिकायतें मौके पर निस्तारित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर पुलिस ने किया स्थलीय निरीक्षण, दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर समाधान पर जोर

शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 9 सितंबर 2026 को कुल 38 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।

अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का प्रभावी एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर होगा समाधान

विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या उच्चाधिकारियों के कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। मौके पर ही शिकायत की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर बेहतर तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना है।

Previous Post Next Post