ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के अंदर जमीन में गाड़कर रखे गए तीन ड्रमों से ₹500 के नोटों की गड्डियां मिलने की जानकारी सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद नकदी पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, नकदी की अंतिम गिनती और कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी समेत पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान पहले गांव की बिजली कटवाई गई, फिर 40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने मकान को घेर लिया। इसके बाद जमीन की खुदाई कराकर ड्रमों को बाहर निकाला गया।
चार लोग हिरासत में, मकान सील
बताया गया है कि संबंधित मकान राकेश यादव उर्फ महाकाल का है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है और मकान को सील कर दिया है। बरामद नोटों की गिनती के लिए आयकर विभाग की टीम मशीनों की मदद ले रही है। नकदी कहां से आई और इसे जमीन में छिपाकर रखने के पीछे क्या वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।
लॉकडाउन के बाद बदली जीवनशैली की भी चर्चा
गांव में चर्चा है कि संबंधित व्यक्ति पहले पुणे में काम करता था और वर्ष 2020 के लॉकडाउन के दौरान गांव लौटा था। इसके बाद उसके जमीन और ट्रैक्टर खरीदने की बातें सामने आने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी के साथ विवाद के बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा। हालांकि, इन बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और नकदी के स्रोत को लेकर जांच पूरी होने का इंतजार है।
फिलहाल, इस कथित बरामदगी ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस और आयकर विभाग की जांच पर है, जिससे नकदी की वास्तविक मात्रा, उसके स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सके।
प्रयागराज से सच की आवाज़ वेब न्यूज़ के लिए ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा की रिपोर्ट।
