ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक औषधियां वितरित कीं तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिया।
स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सीएमओ ने वृद्धजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने वृद्धजनों को शॉल वितरित कर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. ऋषि श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, मोनिका अवस्थी, दिलीप नासिर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

