ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित दिवाली शिल्प मेले में प्रयागराज की मशहूर लोकगीत गायिका रागिनी चंद्रा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
संस्कार भारती प्रयागराज से जुड़ी प्रसिद्ध लोकगीत गायिका रागिनी चंद्रा को संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मेले में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने मंच पर पारंपरिक लोकगीतों के साथ देशभक्ति से जुड़े गीतों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी।
लोकगीतों की धुन पर झूम उठे दर्शक
रागिनी चंद्रा ने अपने लोकप्रिय गीत ‘निमिया के डाल मैया डालेले झुलनवा’ से श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद देशभक्ति से ओतप्रोत गीत ‘गंगा-जमुना के निर्मल धार बाटे, सोने के चिरैया भारत देशवा हमार बा’ प्रस्तुत कर देशप्रेम की भावना जगाई।
वहीं, मिर्जापुर की प्रसिद्ध कजरी ‘हमरे मिर्जापुर में अल मस्ती के चाल बा’ की प्रस्तुति ने भी खूब वाहवाही बटोरी। उनके सुरों और लोकगीतों की मधुरता ने दर्शकों को झूमने और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
संस्कार भारती के पदाधिकारियों ने दी बधाई
रागिनी चंद्रा की शानदार प्रस्तुति की संस्कार भारती प्रयागराज के पदाधिकारियों और कलाकारों ने सराहना की। प्रसिद्ध कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा, संरक्षक एवं कवि योगेंद्र मिश्रा विश्वबंधु, कोषाध्यक्ष शम्भूनाथ श्रीवास्तव ‘शम्भु’, सचिव विभव मिश्रा और गायिका प्रियंका चौहान सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।
लोकगीतों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और क्षेत्रीय संगीत परंपराओं को मंच देने वाली रागिनी चंद्रा की इस प्रस्तुति ने दिवाली शिल्प मेले में सांस्कृतिक रंग भर दिए। उनकी गायकी को दर्शकों की ओर से खूब सराहना मिली।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
