शाहजहांपुर: स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में संचार कौशल और अंग्रेजी दक्षता पर विशेष व्याख्यान आयोजित


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा में दक्षता और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप विद्यार्थियों में भाषा संबंधी दक्षता और व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस की हेड, यूनिवर्सिटी एंड स्किल्स, साउथ एशिया डॉ. संगीता मेहता ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में संचार कौशल की भूमिका और महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. मेहता ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा, शोध, तकनीकी विकास और रोजगार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों में प्रभावी संचार कौशल विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों और वर्तमान शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के संदर्भ में अंग्रेजी भाषा की दक्षता को महत्त्वपूर्ण बताया।

उन्होंने यूरोप के कई देशों में अंग्रेजी भाषा की बेहतर दक्षता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय विद्यार्थियों को भी अंग्रेजी समझने, सुनने, बोलने और व्यावहारिक परिस्थितियों में इसका प्रभावी उपयोग करने के लिए तैयार करना होगा। इस दिशा में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस के शैक्षणिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों की अंग्रेजी सुनने की क्षमता विकसित करने और उन्हें वैश्विक संवाद के अनुरूप तैयार करने पर बल दिया।

अंग्रेजी दक्षता से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कार्यक्रम में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस के नॉर्थ रीजनल मैनेजर समीर पांडेय ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के वर्तमान दौर में अंग्रेजी भाषा में प्रभावी संवाद विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायक है। उन्होंने अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों की भाषा संबंधी दक्षताओं को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि प्रो. अनुराग अग्रवाल ने अंग्रेजी भाषा के वैश्विक महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान और व्यावसायिक प्रगति में अंग्रेजी की अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा के व्यावहारिक उपयोग और संचार कौशल के विकास के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों ने भी विशेषज्ञों के विचारों से प्राप्त की जानकारी

कार्यक्रम में प्रो. देवेंद्र सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम और अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विशेषज्ञों के विचारों से लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरुण कुमार यादव ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीलू कुमार, डॉ. बरखा सक्सेना और रचना शुक्ला ने महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में अंग्रेजी भाषा की व्यावहारिक दक्षता, प्रभावी संचार और रोजगारपरक शिक्षा के महत्त्व को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षा में संचार कौशल को उचित स्थान देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

Previous Post Next Post