स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 5 अक्टूबर। रामगंगा नदी में डूबे 33 वर्षीय युवक का शव NDRF की टीम ने करीब 12 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। युवक 4 अक्टूबर को कोला पुल के पास नदी के तेज बहाव में डूब गया था। सूचना मिलने के बाद NDRF की टीम ने सोमवार तड़के घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की।
प्रशासन के अनुसार सुनील कुमार पुत्र रामनरेश कुशवाह, निवासी ग्राम राजेरायपुर, तहसील कलान, शाहजहांपुर, रामगंगा नदी के तेज बहाव में डूब गए थे। घटना की सूचना रात्रि में 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद की टीम-8(M) को दी गई। टीम वर्तमान में आपदा राहत तैनाती के तहत हनुमत धाम, शाहजहांपुर में तैनात है।
तेज बहाव के बीच चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही NDRF टीम ने आवश्यक तैयारी की और 5 अक्टूबर की सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी में तेज जल प्रवाह और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद प्रशिक्षित बचावकर्मियों ने व्यवस्थित तरीके से लगातार खोजबीन की।
अथक प्रयासों के बाद शाम करीब 4 बजे कोला पुल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी से सुनील कुमार का शव बरामद कर लिया गया।
शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन और क्षेत्रवासियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में NDRF टीम द्वारा किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की।
सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में INSP शिवकली धुर्वे, SI वीरेंद्र सिंह, ASI धर्मेंद्र सिंह सहित NDRF के कुल 30 रेस्क्यूकर्मियों ने हिस्सा लिया।
