सड़क सुरक्षा अभियान में 107 वाहनों का चालान, हेलमेट न लगाने पर 57 के खिलाफ कार्रवाई

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के पांचवें दिन परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 107 वाहनों का चालान किया गया।

शासन के निर्देश पर जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान के पांचवें दिन की गई कार्रवाई में हेलमेट नहीं पहनने वाले 57 वाहन चालकों, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले 27 वाहन चालकों, स्टंट ड्राइविंग के दो तथा ओवरस्पीडिंग के 17 मामलों में कार्रवाई की गई।

इस प्रकार विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 107 वाहनों का चालान किया गया।

फुलवरिया चौराहे पर चलाया जागरूकता अभियान

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ ही फुलवरिया चौराहे पर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों एवं राहगीरों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।

अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बृजेश, प्रभारी यातायात सुभाष मौर्य सहित परिवहन विभाग के प्रवर्तन कर्मियों एवं यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने सहभागिता की।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Previous Post Next Post