मिशन शक्ति टीम की तत्परता से चार वर्षीय गुमशुदा बालक सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। थाना हरैया पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम की तत्परता से चार वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार की खुशियां लौट आईं। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना हरैया क्षेत्र में चार वर्षीय बालक के गुमशुदा होने की सूचना उसके माता-पिता ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के नोडल प्रभारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना हरैया के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम ने तत्काल बालक की तलाश शुरू कर दी।


पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम के संयुक्त प्रयासों और सक्रियता से गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसके माता-पिता को थाने बुलाया गया। आवश्यक पूछताछ एवं काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता भावुक हो उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Previous Post Next Post