सड़क सुरक्षा पखवाड़े के सातवें दिन 157 वाहनों के चालान, 1.87 लाख रुपये का जुर्माना

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के सातवें दिन परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान प्रेशर हॉर्न, मल्टीटोन हॉर्न, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध सघन चेकिंग करते हुए कुल 157 वाहनों के चालान किए गए तथा 1 लाख 87 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

शासन के निर्देश पर जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान के सातवें दिन संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न और मानकों के विपरीत लगे मल्टीटोन हॉर्न वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं गलत दिशा में वाहन चलाने वालों तथा विशेषकर दोपहिया वाहनों में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, अनधिकृत वाहन मॉडिफिकेशन और निर्धारित मानकों के विपरीत ब्लैक फिल्म के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई की गई।

प्रमुख चौराहों पर चलाया जागरूकता अभियान

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए वीर विनय चौराहा, झारखंडी मंदिर सहित जनपद के प्रमुख स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। वाहन चालकों को पंपलेट वितरित कर हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।

ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा चालकों को भी यातायात नियमों की जानकारी देते हुए निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करने, क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न नहीं करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं नियमों का उल्लंघन

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बृजेश यादव ने बताया कि प्रेशर हॉर्न, मल्टीटोन हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही आमजन के लिए परेशानी का कारण बनता है। वहीं रॉन्ग साइड वाहन चलाना गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को आमंत्रित करता है। ऐसे उल्लंघनों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है।

संयुक्त अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बृजेश यादव, प्रभारी यातायात सुभाष मौर्य, पीटीओ मदन चंद सहित परिवहन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के तहत जनपद में प्रवर्तन और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम 30 नवंबर तक लगातार संचालित किए जाएंगे।

Previous Post Next Post