ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 35 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में कुल 1670 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 706 पुरुष, 721 महिलाएं और 243 बच्चे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेलों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
इस पहल से लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए दूर स्थित अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेलों के माध्यम से आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

