35 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में 1516 मरीजों का उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 35 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में कुल 1516 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। इनमें 666 पुरुष, 602 महिलाएं और 248 बच्चे शामिल रहे।

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही जांच, उपचार, दवाओं और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए दूर स्थित अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम हो रही है।

मेलों में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं के अनुसार आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया। इन मेलों का उद्देश्य आमजन को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही समय पर बीमारियों की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Previous Post Next Post